जलेसर मार्ग पर बुधवार रात गांव मढ़ाका के पास टेंपो और अज्ञात वाहन की आमने-सामने की टक्कर में 55 वर्षीय रामबाबू की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
एटा जनपद के थाना जलेसर क्षेत्र के गांव महकी निवासी रामबाबू पुत्र शोभाराम परिवार के साथ सादाबाद में आयोजित त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर टेंपो से घर लौट रहे थे। रात में गांव मढ़ाका के पास सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रामबाबू की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में उनकी पत्नी शीला, पुत्रवधु सुनीता, सुनीता का 12 वर्षीय पुत्र अंश और सात वर्षीय सूखा घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। टेंपो में सवार अन्य यात्री सुरक्षित रहे, जिन्हें दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के बाद वाहन वाहन चालक की तलाश की जा रही है।