शहर के मोहल्ला नगला अलगर्जी की गली में जलभराव से निकलते स्कूली बच्चे। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : Social Media
डीएम साहब! हमें स्कूल जाना है.. गोबर, कीचड़ और बदबू से घिरे रास्तों के बीच जब मासूम बच्चों ने अपनी यह दर्दभरी पुकार सुनाई, तो उनकी मासूम आवाज ने हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर दिया। बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया।
बच्चों ने बताया कि उनके स्कूल तक जाने वाले रास्तों पर नालियों का गंदा पानी भरा है। चारों ओर फैले गोबर, कीचड़ और सड़ांध के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि गंदा पानी बहकर स्कूल की कक्षाओं तक पहुंच गया है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बच्चों का कहना है कि रोजाना इस रास्ते से गुजरना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने जलभराव की निकासी कराई और स्थानीय लोगों को जल्द सीसी सड़क बनवाने का आश्वासन दिया।