लखनऊ से महौ ब्लॉक के गांव नयाबांस में मलेरिया केस मिलने की सूचना पर विभाग की जिला स्तरीय टीम बुधवार को गांव पहुंची। टीम ने वहां कैंप लगाया और लोगों को मच्छरों से बचाव की जानकारी दी। बाद में पता चला कि जो केस पॉजिटिव मिला है, वह मथुरा का है। गांव नया बांस का व्यक्ति मथुरा में रह रहा है। वहीं उसे बुखार आया था। इस साल जिले में अब तक मलेरिया के छह केस सामने आ चुके हैं। बुधवार को सातवें केस की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई।
गांव में सीएचसी महौ की टीम ने शिविर लगाया, जिसमें बुखार से पीड़ित लोगों की जांच की गई। रक्त के नमूने लिए व दवाएं वितरित की गईं। ग्राम प्रधान के सहयोग से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया और नाले नालियों की सफाई कराई गई। सीएमओ डाॅ. वेदप्रकाश अग्रवाल का कहना है कि मरीज रहने वाला हाथरस का है, लेकिन फिलहाल वह मथुरा रह रहा है। उसकी सभी जांचें भी मथुरा में हुई हैं, इसलिए यह केस मथुरा में गिना जाएगा। एहतियात के तौर पर गांव में कैंप लगाया गया था। संवाद