सासनी ब्लाॅक के संविलियन विद्यालय समामई में नवदुर्गा व्रत और पूजा करने से रोकने के मामले में बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है। उक्त शिक्षक पर चार छात्राओं को स्कूल के अंदर मुर्गा बनाकर पीटने का आरोप है। बीएसए स्वाति भारती का कहना है कि जांच के बाद शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
समामई संविलियन विद्यालय में छात्राओं को मुर्गा बनाने को लेकर बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गौड़ ने अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचकर हंगामा किया था। सूचना मिलने के बाद बीईओ और पुलिस भी पहुंच गई। मामले की जांच पड़ताल की। बीईओ ने अपनी जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंप दी। उन्होंने 30 सितंबर को स्कूल का निरीक्षण किया। उस दिन संबंधित शिक्षक अवकाश पर मिले। बीईओ ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत 3 से 4 छात्राओं द्वारा मुर्गा बनाए जाने की पुष्टि हुई है। जांच में सामने आया कि सहायक अध्यापक पुष्पेंद्र सिंह प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए, यह सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 का उल्लंघन है। उन्हें निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में पुष्पेंद्र सिंह को कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी विकास खंड-हाथरस पर संबद्ध कर दिया गया है।