शहर के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक पर इगलास क्षेत्र की छात्रा के अपहरण का आरोप लगा है। छात्रा के पिता ने ट्यूशन टीचर के साथ उसके भाई, भाभी व मां के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई है। वहीं आरोपी ट्यूशन टीचर परिवार के साथ फरार है।
छात्रा शहर के एक इंटर कॉलेज में पढ़ती थी और वर्ष 2025 में उसने इंटरमीडिएट की। पिता ने बताया कि आरोपी शिक्षक अंशित गौतम स्कूल में ही पढ़ाता था। कई साल से वह उनकी बेटी को तंग कर रहा था। इस संबंध में शिकायत भी की थी। पिता का कहना है कि दो मई की देर रात अंशित अपने परिवार के साथ गाड़ी से गांव पहुंचा और उनकी बेटी को बहला-फुसला कर ले गया।
उसके साथ उसका भाई प्रभात, भाभी शारदा व मां राजगौतम भी थीं। सुबह जब बेटी नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। गांव के लोगों ने बताया कि उसे कुछ लोग गाड़ी में डालकर ले गए हैं। शक के आधार पर वे अंशित के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। पिता ने अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इगलास एसएचओ अवधेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छात्रा की तलाश की जा रही है।