फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: हाथरस पहुंचा स्वाइन फ्लू, दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि

Sun, 30 Aug 2026 01:50 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
विज्ञापन
हाथरस में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। तीन सप्ताह के भीतर दूसरे मरीज में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट कर दिया है। स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए टीका भी उपलब्ध हो गया है। शनिवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक की ऑनलाइन बैठक में अलीगढ़ मंडल में स्वाइन फ्लू की स्थिति साझा की गई। मंडल में अब तक 14 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें अलीगढ़ के नौ, हाथरस के दो, कासगंज के दो और एटा का एक मरीज शामिल है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य मंत्री की बैठक के बाद हाथरस के सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने स्वास्थ्य केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की और सभी केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। ब्लॉक स्तर के अस्पतालों में एच1एन1 के संदिग्ध मरीजों के लिए कम से कम चार-चार बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पतालों में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाओं, पीपीई किट, मास्क और सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
गंभीर मरीजों के उपचार के लिए टीबी अस्पताल में अलग वार्ड स्थापित किया गया है। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को यहां रेफर किया जाएगा। उनकी आरटी-पीसीआर जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार की व्यवस्था रहेगी।
विज्ञापन

एक अगस्त को भर्ती बच्चे की रिपोर्ट आई थी पॉजिटिव
सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि बीते एक अगस्त को इन्फ्लूएंजा संदिग्ध होने पर एक बच्चे को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच में उसकी रिपोर्ट एच1एन1 पॉजिटिव आई थी। फिलहाल बच्चा स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। सीएमओ के संज्ञान में हाथरस का यही एक मामला है, जबकि मंडल स्तर की रिपोर्ट में जिले के दो मरीज शामिल हैं। इसकी पुष्टि अलीगढ़ के सीएमओ डॉ. आरएन सिंह ने भी की है।
हर विकास खंड में रैपिड रिस्पांस टीम
संक्रमण की निगरानी के लिए हर विकास खंड में रेपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है। होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की भी निगरानी की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग का 24 घंटे सातों दिन कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है।
लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने, हाथों की सफाई रखने और सामाजिक दूरी का ध्यान रखने की अपील की है। फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर खुद दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें