हाथरस। भीषण गर्मी के बीच अब बिजली संकट भी गहरा गया है। जिलेभर में शहर को छोड़ दें तो ग्रामीण व कस्बा के इलाकों में अंधाधुंध बिजली कटौती की जा रही है। बुधवार की रात भी सादाबाद, सहपऊ, मुरसान और अन्य क्षेत्रों में चार घंटे की कटौती ने लोगों की नींद छीन ली, जिससे लोगों में काफी आक्रोश रहा।
भीषण गर्मी में बिजली की डिमांड बढ़ती जा रही है, लेकिन जिले में खपत के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही। दिन-रात कई-कई घंटे की कटौती से लोगों का हाल-बेहाल है। कटौती ने भीषण गर्मी में लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। कई इलाकों में तो सुबह-सुबह लोगों को पानी के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उद्योग-धंधे बुरी तरह प्रभावित हैं। बुधवार की रात जिले के टीटीजेड में रात पौने 11 बजे से सुबह पौने तीन बजे तक कटौती कराई गई, जिससे रात भर लोग चैन की नींद भी नहीं सो पाए। देर रात इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों में आक्रोश रहा। इधर, गुरुवार को दिन में भी बारी-बारी से शहर और टीटीजेड क्षेत्र में बिजली की कटौती की गई। टीटीजेड में दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक और शहर में सवा चार बजे से पांच बजे तक बिजली की कटौती की गई, जिससे लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ बेहद आक्रोश बना रहा। एसडीओ ट्रांसमिशन वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कटौती मुरादाबाद कंट्रोल रूम के आदेश पर ही की जा रही है।