लू से बचाव के लिए मुंह ढंककर जातीं छात्राएं। संवाद
- फोटो : samvad
गर्मी के कहर से लोग बिलबिला उठे हैं। पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों की हालत खराब कर दी। पूरी दोपहर गर्म हवाओं की मार पड़ती रही। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
सोमवार की सुबह से ही गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया। तेज धूप के कारण सुबह 10 बजे ही लोग घरों से निकलने में कतराने लगे। भवनों की दीवारें और छतें दहकती रहीं। इनके अंदर कूलर व पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे थे। दोपहर 12 बजने के साथ ही पारा करीब 43 डिग्री के पार पहुंच गया और गर्म हवाएं चलने लगीं। लोग पसीने से लथपथ रहे।
दोपहर में सड़कों पर आवाजाही लगभग थम गई। लोग घरों से नहीं निकले तो दुकानदार भी दुकानों के अंदर ही बैठे रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार हाथ पर हाथ रखकर बैठे नजर आए। जो लोग मजबूरी में घर से बाहर निकले भी तो तेज धूप और गर्म हवाओं की मार ने उनकी हालत खराब कर दी। लोग ठंडे और छायादार स्थान तलाशते नजर आए।
बात अगर रात के तापमान की करेंं तो न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आ रहा। आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वयक लेखराज का कहना है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच जाएगा। न्यूनतम पारा भी 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। उनका कहना है कि गर्मी अभी तीन दिन और परेशान करेगी। इसके बाद मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है।