गांव पैकवाड़ा में सोमवार की रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला किया। घर पर पथराव भी किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मारपीट पर दोनों पक्ष के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की है।
गांव कुम्हरई निवासी राजेंद्र दूध का काम करते हैं। राजेंद्र सोमवार की दोपहर को दूध देकर लौट रहे थे। रास्ते में गांव पैकवाड़ा में बाइक से बुजुर्ग महिला टकरा गई, जिससे नाराज महिला के बेटे रवि व राजेंद्र के बीच झगड़ा हो गए। तब ग्रामीणों ने बीच-बचाव करा दिया। रात करीब आठ बजे राजेंद्र अपने साथ कई लोगों को लेकर रवि के घर पहुंच गया।
यहां दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि राजेंद्र पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की। लाठी-डंडे भी चले। इसके बाद रवि के घर पर पथराव कर दिया गया। इससे घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ओर से दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
एक तरफ से रवि तथा दूसरे से शिवकुमार के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दोनों लोगों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।