खेल मैदान विकसित किए जाने के कार्य का निरीक्षण करते बीडीओ।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
खेल प्रतिभाओं की तरक्की के लिए सादाबाद ब्लॉक के सात गांवों में खेल मैदान विकसित किए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा तालाब खुदाई के कार्य ने भी जोर पकड़ लिया है। बृहस्पतिवार को भी कई गांवों में खेल मैदान विकसित करने के लिए बीडीओ ने स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बुधवार की शाम को हुई बैठक में सीडीओ द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद सादाबाद ब्लाक में खेल मैदान विकसित किए जाने की मुहिम ने जोर पकड़ लिया है। एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल ने बताया कि गांव में संसाधनों और सुविधा के विकास पर जोर दिया जा रहा है। गांव बरामई, बिसावर, तसींगा, कजरौठी, दगसह, कंजौली और गढ़ उमराव में खेल मैदानों को विकसित किए जाने का काम शुरू करा दिया गया है। बीडीओ अशोक कुमार व एडीओ पंचायत द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्य का जायजा लिया गया।
यहां मैदान के चारों तरफ तारकसी की जा रही है। गेट और बेंच लगाए जाने का कार्य भी किया जाएगा। मैदान में चारों ओर इंटरलॉकिंग पटरी भी तैयार की जाएगी। खेल मैदानों में झूले आदि भी लगाए जाएंगे। एडीओ पंचायत ने बताया कि करीब 45 गांवों में खेल मैदान हैं, इनमें से करीब 20 गांवों के खेल मैदानों पर अवैध कब्जे हैं। शेष खेल मैदानों पर जल्द ही कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सादाबाद ब्लाक के 14 से 15 गांवों में तालाब खुदाई का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। 19 ग्राम पंचायतों में से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी किया जा रहा है।