हाथरस जंक्शन क्षेत्र गांव में छह वर्षीय बच्चे के साथ दुष्कर्म की घटना से सनसनी फैल गई। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की है। छह वर्षीय मासूम बच्चा पड़ोसियों के साथ खेतों की तरफ गया था। पड़ोसी भैंस चराने गए थे। आरोप है कि इस दौरान गांव का ही रहने वाला 14 वर्षीय किशोर उसे बहला-फुसलाकर खेत में एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह घिनौनी हरकत पास ही खेल रहे कुछ अन्य बच्चों ने देख ली। बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी पीड़ित के परिजनों को दी। पीड़ित के पिता मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से शिकायत की। इस दौरान गांव में हंगामा खड़ा हो गया।
पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता समझते हुए आरोपी किशोर को पकड़कर थाने ले आई। पीड़ित के पिता ने थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़ित छह वर्षीय बच्चे को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पीड़ित के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बच्चे का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-अमित पाठक, सीओ सिकंदराराऊ