राजू मजदूरी करने गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और बालक हसन था। उनकी पत्नी रसोई में काम कर रही थी, बालक आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने तंबाकू वाले दंत मंजन का सेवन कर लिया और उसकी हालत बिगड़ गई।
अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव कारस में 10 दिसंबर शाम को एक छह माह के बच्चे हसन ने तंबाकू वाले दंत मंजन का सेवन कर लिया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर हाथरस के जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
घटना 10 दिसंबर शाम करीब चार बजे की है। घटना के समय बच्चे के पिता राजू मजदूरी करने गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और बालक हसन था। राजू ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी रसोई में काम कर रही थी, बालक आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने तंबाकू वाले दंत मंजन का सेवन कर लिया और उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी सूचना पर राजू भी घर पहुंचे और आनन-फानन बच्चे को लेकर हाथरस के जिला अस्पताल लेकर आए। बच्चे की मृत्यु के बाद रोते-बिलखते परिजन शव लेकर गांव लौट गए।
बच्चों के लिए तो सीधा जहर है तंबाकू वाला दंत मंजन
जिला अस्पताल मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सूर्य प्रकाश ने बताया कि तंबाकू वाले दंत मंजन का इस्तेमाल जानलेवा हो सकता है। यह फेफड़ों, हृदय, मुंह, आंतों और दिमाग के लिए घातक होता है। दांतों के दर्द निवारक के तौर पर लोग इसका इस्तेमाल करते हैं, लेकिन यह धारणा गलत है। बच्चों के लिए सीधा जहर है। इसे घर में भी नहीं रखना चाहिए। दांतों की समस्या पर चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं, किसी भ्रम में न आएं।