नगर पंचायत की सीमा विस्तार के बाद शामिल हुई ग्राम पंचायत सहपऊ देहात के चार गांवों में जलभराव की समस्या है। अब इस समस्या का निदान जल्द ही हो जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास कर शासन के लिए भेजा गया है।
भेजे गए प्रस्ताव में एक नगला बादाम में, एक सुखराम में, एक तकिया में व एक नगला मेवा के साथ नगर में भी दो नाले बनना शामिल है। इन छह नालों के निर्माण होने के बाद जलभराव की समस्या दूर हो सकेगी। इससे करीब तीन हजार की आबादी को राहत मिलेगी। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सहपऊ सुरेश कुमार ने बताया है कि नगर पंचायत की सीमा विस्तारण के बाद चारों गांवों में जलभराव की काफी समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने इसके बारे में कई बार शिकायत की है। छह नालों को करीब दो करोड़ रुपये से बनाया जाएगा। प्रस्ताव पास कर शासन के लिए भेजा है। धनराशि मंजूर होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।