सोमवार की सुबह एक अज्ञात ट्रक ने हाथरस रोड स्थित गांव बढ़ार के पास एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई। युवक अपनी बहन के यहां से घर लौट रहा था।
गांव कलवारी तिहरा निवासी 24 वर्षीय अशरफ खान पुत्र नसीर खान हाथरस की एक बाइक एजेंसी पर नौकरी करता था। रविवार को आगरा में अपनी बहन के यहां गया था। सोमवार की सुबह आगरा से वापस अपने गांव बाइक पर आ रहा था। बेटे के आने की सूचना पर मां ने सुबह ही खाना भी बनाकर रख दिया था। वह इंतजार कर रही थीं। रास्ते में गांव बढ़ार के पास माधव पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे अशरफ की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि हादसा सड़क पर घूम रहे एक निराश्रित गोवंश को बचाने के चक्कर में हुआ। हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए। बेटे की मौत पर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। घर में अशरफ की शादी की बात चल रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।