संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
नगर में एक कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद करीब 50 फीसदी इलाका जिला प्रशासन ने हॉट स्पॉट घोषित कर दिया है। अब कस्बे का लगभग पूरा बाजार बंद हो गया है। इसके साथ ही करीब 50 फीसदी आबादी घरों में कैद हो गई है। पीड़ित के परिवार के अनेक सदस्यों की सूची पुलिस ने सीएचसी प्रभारी को उनकी जांच के लिए भेजी गई है। दूध, दही, सब्जी, दवाई और अन्य आवश्यक सामान की आपूर्ति फोन कॉल पर की जाएगी। इसके लिए दुकानदारों की सूची भी जारी कर दी गई है।
बता दें कि कस्बे के मोहल्ला मटकोटा निवासी एक कपड़ा कारोबारी का मेरठ के डॉक्टर के यहां इलाज चल रहा था। उसको दोबारा मेरठ दिखाने के लिए जाना था। मेरठ के डॉक्टर ने निर्देश दिए कि पहले कोरोना की जांच कराओ, तब मेरठ आओ। इसके बाद व्यापारी ने अलीगढ़ में निजी लैब में कोरोना की जांच कराई तो वह पॉजिटिव निकला। पीड़ित कोरोना व्यापारी ने दिल्ली के कई नामचीन अस्पताल वालों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने उनको भर्ती नहीं किया। मथुरा के भी नामचीन अस्पताल ने भर्ती करने से मना कर दिया। मेदांता में 165 की वेटिंग लिस्ट चल रही है, इसलिए व्यापारी को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आधा नगर बन गया हॉट स्पॉट
सिकंदराराऊ। कारोबारी के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद डीएम ने आदेश जारी कर मोहल्ला मटकोटा के 250 मीटर के इलाके को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया। इसमें नगर के प्रमुख राठी बाजार, बड़ा बाजार, नयागंज बाजार आ गए हैं। ये बाजार नगर के प्रमुख व्यापारिक स्थल हैं। केवल सराय उम्दा बेगम, मंडी गांधीगंज का आंशिक इलाका ही अब खुल पायेगा। नगर के मध्य से गुजरने वाला जीटी रोड बंदी से मुक्त रखा गया है।
आज से खुल रहा था लॉक डाउन
सिकंदराराऊ। नगर के लोगों में सोमवार से लॉकडाउन पूरी तरह खुलने को लेकर खुशी थी, लेकिन कारोबारी के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद उनकी खुशियों को ग्रहण लग गया।
अफसरों ने किया हॉट स्पॉट का दौरा
नगर के हॉट स्पॉट घोषित होते ही सोमवार की सुबह से ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। एसडीएम विजय शर्मा, सीओ डॉ. राजीव सिंह, कोतवाल प्रवेश राणा फोर्स के साथ नगर में आ गए। सबसे पहले उन्होंने पीड़ित के घर का मुआयना किया। यहां घर का ताला लगा हुआ था। यहीं से कर्मियों ने फीता डालकर 250 मीटर इलाके की नापजोख कर बैरीकेडिंग लगा दी, जिससे नगर का 50 फीसदी इलाका हॉट स्पॉट की जद में आ गया। आधा दर्जन से ज्यादा बैरीकेडिंग लगाकर हॉट स्पॉट में आवाजाही रोक दी गई।
सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक और व्यक्ति पॉजिटिव निकला तो पूरा सिकंदराराऊ हॉट स्पॉट घोषित कर दिया जाएगा। हॉट स्पॉट में कोतवाल प्रवेश राणा ने माइक के जरिये लोगों से घरों में रहने की अपील की। सड़कों पर जो भी नजर आया, उसे लाठियां लेकर दौड़ा दिया गया। नगर पालिका प्रशासन ने सुबह से ही कई कर्मचारियों को लगाकर ट्रैक्टर की मदद से सैनिटाइजेशन कराया।
विधायक ने की संयम, सावधानी बरतने की अपील
हॉटस्पॉट घेेषित होते ही विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने कस्बे के लोगों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अगर किसी के पॉजिटिव होने का शक है तो वह कस्बे में सीएचसी पर जाकर स्वाप के माध्यम से कोरोना की जांच करा सकता है। उन्होंने कहा है कि अगर हमने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया और मास्क व सैनिटाईजटर का प्रयोग नहीं किया तो हालात बिगड़ने में वक्त नहीं लगेगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन के नियमों का पालन करते हुए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका को पूरा सहयोग देने की अपील की है।
बंद के दौरान कसबे के नायागंज बाजार में छाया सन्नाटा।- फोटो : SIKANDHRA RAHU