भाजपा कार्यालय पर जनसमस्या सुनते विधायक राना।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने रविवार को जीटी रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर दूर-दराज के गांवों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। फोन पर अधिकारियों से समस्याओं का त्वरित निराकरण करने को कहा।
कार्यालय पर शहर के लोगों ने शिकायत की कि बिजली व्यवस्था का हाल-बेहाल होकर रह गया है। कई घंटे तक बिजली नहीं आने से छोटे उद्योगों पर बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शिकायत की कि रात को आवारा जानवर पूरे खेत को खोदकर फसल बर्बाद कर रहे हैं। रात को खेत पर जानवर किसानों पर हमला कर रहे हैं। बिजली कम आने और वर्षा कम होने से फसल की सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई लोगों ने शिकायत की कि पुलिस चोरी की घटनाएं दर्ज नहीं कर रही है, जबकि क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में लगातार चोरी की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। कई लोगों ने बैंकों की शिकायत करते हुए कहा कि बैंक कर्मी कोरोना के नियमों की आड़ लेकर ग्राहकों को घंटों धूप में खड़ा करके रखते हैं। तेज धूप से कई लोग बेहोश होकर भी गिर पड़ते हैं। राना ने कहा कि बैंक प्रबंधकों से कहा जाएगा कि वह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोगों को अंदर बुलाएं। पुलिस अधिकारियों से फोन कर कहा कि घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करें। हर्ष राना, महेश पुंढीर, अनिल ठाकुर, रामकुमार प्रधान, गिरश्ीपाल सिंह, उपेंद्र कुमार, विनय कुमार, कमल नयन, राजकुमार पुंढीर, मंडल अध्यक्ष शिवप्रताप सिसौदिया आदि मौजूद थे।