श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा देने के लिए रेलवे प्रशासन ने एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन का संचालन करने की घोषणा की है। अब हाथरस डिपो की ओर से भी पांच अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है। अभी तक तीन बसें हाथरस से मथुरा जा रही हैं, यात्रियों की मांग होने पर इनकी संख्या आठ तक की जाएगी।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हाथरस से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन रवाना होते हैं। कुछ यात्री ट्रेनों से पहुंचते हैं तो कुछ रोडवेज बसों का सहारा लेते हैं। यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए रोडवेज ने तैयारी शुरू कर दी हैं। अभी तक हाथरस डिपो की ओर से तीन बसों का नियमित संचालन मथुरा के लिए किया जाता था, लेकिन अब एक बस बढ़ा दी गई है। अब इस मार्ग पर चार बसें भेजी जा रही हैं। वहीं जन्माष्टमी तक अतिरिक्त बसों की संख्या पांच कर दी जाएगी, ताकि यात्रियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस तरह इनकी संख्या आठ हो जाएगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हाथरस डिपो प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि यात्रियों की मांग पर बसों की संख्या में और अधिक इजाफा किया जा सकता है।