सासनी गेट क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में हाथरस के एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बुधवार को लोधा क्षेत्र के वाटर पार्क स्थित कमरे की जांच की फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
युवती ने मंगलवार को लोधा थाने में दर्ज कराए मुकदमे में आरोप लगाया है कि हाथरस के कस्बा पुरदिलनगर के सुमित माथुर उर्फ विक्की के साथ उसकी करीब छह माह पहले दोस्ती हो गई थी, जिस पर वह उससे शादी करने का वादा करने लगा और इसके बाद उसका यौन शोषण किया। आखिरी बार वह लोधा के एक वाटर पार्क ले गया, जहां उसके साथ फिर संबंध बनाए। इस बार उसने शादी के लिए ज्यादा जोर दिया तो वह गालियां देने लगा। इस पर वह हताश होकर थाने आई है। सीओ गभाना संजीव तोमर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है, फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य लिए है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।