जिले में बिजली कटौती बेलगाम हो गई है। ताज ट्रिपेजियम जोन को भी 12 से 14 घंटे की जबर्दस्त कटौती झेलनी पड़ रही है। शहर के हालात तो ग्रामीण क्षेत्र से भी बदतर हो गए हैं। अगर कोई फॉल्ट हो जाए तो पूरा दिन और पूरी रात ही बिना बिजली के काटनी पड़ रही है। भीषण गर्मी में इस कटौती ने जिले में हाहाकार मचाकर रख दिया है।
लोग पानी को भी तरस गए हैं। लोगों का गुस्सा अब बिजलीघरों और वहां तैनात स्टाफ पर फूट रहा है। शुक्रवार की आधी रात को नवीपुर बिजलीघर पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। स्टाफ से तीखी नोक-झोंक हुई। लोग जल्द सप्लाई बहाल करने की चेतावनी देकर वहां से चले गए। लोगों के तल्ख होते तेवरों ने अब बिजली कर्मियों को भी दहशत में ला दिया है। उन्हें डर है कि यही हाल रहा तो कहीं उन्हें लोगों के गुस्से का शिकार नहीं होना पड़ जाए। इस गंभीर समस्या पर राजनेताओं की चुप्पी से भी लोगों में गुस्सा है।
टीटीजोन में सुबह, दोपहर और शाम तीनों शिफ्टों में तीन से चार घंटे की कटौती हो रही है। इस तरह 9 से 10 घंटे की कटौती तो ऑन रिकॉर्ड चल रही है, जबकि लोकल फॉल्ट अलग परेशान कर रहे हैं। शहर के नवीपुर इलाके में शुक्रवार को 16 घंटे तक बिजली ठप रही। पहले मुरादाबाद कंट्रोल रूम के आदेश पर ढाई घंटे कटौती कराई गई।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जैसे ही सप्लाई चालू हुई, वैसे ही सब स्टेशन की ओसीबी में फ्लैश ओवर हो गया, जिससे बिजली फिर ठप हो गई। सात घंटे बाद रात करीब सात बजे सप्लाई बहाल हुई, लेकिन फिर फॉल्ट से ठप हो गई। उसके बाद रात साढ़े 12 बजे सप्लाई चालू हुई तो कंट्रोल से रात एक बजे तीन घंटे की कटौती करा दी।
सुबह करीब सवार चार सप्लाई बहाल हुई। इस तरह पूरी रात लोगों को बिना बिजली के काटनी पड़ी। इतनी कटौती से इन्वर्टर भी जवाब दे गए। रात 12 बजे आक्रोशित लोगों ने नवीपुर बिजलीघर पर हंगामा भी काटा।
अधिकारियों की मानें तो हाथरस को सर्वाधिक बिजली आगरा के पीलीपोखर सबस्टेशन के जरिए मिलती है, लेकिन बताते हैं कि यह सबस्टेशन बीते कई दिनों से ओवरलोडिंग से जूझ रहा है, जिससे आगरा से हाथरस को काफी कम लोड दिया जा रहा है, इससे हाथरस के बिजलीघरों को काफी कम बिजली सप्लाई हो पा रही है।
उधर, मुरादाबाद कंट्रोल रूम से आकस्मिक कटौती किए जाने के आदेश आ रहे हैं। इस वजह से कटौती के घंटो में इजाफा हो गया है। एक्सईएन मुकेश कुमार ने बताया कि बिजली की कटौती कंट्रोल रूम के आदेश पर ही कराई जा रही है।