ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को पुरानी तहसील स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर हुआ। इसमें चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान ने मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता कुल तीन चरणों में हुई। प्रथम चरण में 58 उच्च प्राथमिक व संविलियन विद्यालयों के कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रथम स्तर पर बहुविकल्प प्रश्नोत्तरी के मध्यम से 25 छात्र-छात्राओं का चयन द्वितीय स्तर के लिए किया गया।
द्वितीय स्तर की परीक्षा से शीर्ष 10 व अंत में जिला स्तरीय समिति में शामिल डायट मेंटर अमित कुमार राय, उमा कुमारी गौतम व अर्चना सिंह की निर्णायक समिति ने साक्षात्कार के माध्यम से शीर्ष पांच प्रतिभागियों का चयन किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित शीर्ष पांच विद्यार्थियों में कुमारी परी संविलियन विद्यालय अगसौली प्रथम, चिराग शर्मा व लक्ष्य प्रताप संविलियन विद्यालय लिहा, अनामिका उच्च प्राथमिक विद्यालय टीकरी खुर्द, वेद प्रकाश संविलियन विद्यालय नावली लालपुर शामिल रहे।
इन सभी को विजेता ट्रॉफी, स्टेशनरी किट व प्रमाणपत्र दिए गए। शेष 10 विद्यार्थियों को विज्ञान किट, स्टेशनरी किट, प्रमाणपत्र और अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप स्टेशनरी किट, एक्सपेरिमेंट किट व प्रमाणपत्र दिए गए।
संचालन प्रवीण सोमानी ने किया। व्यवस्था में ब्लॉक एआरपी आलोक जैन, मुकेश शर्मा, दिनेश कुमार शर्मा, मुनेश कुमार, प्रवीण कुमार द्विवेदी, मनोज कुमार चौहान, संदीप तिवारी, संतोष कुमार, विनोद कुमार, ललिता यादव, आदि का सहयोग सराहनीय रहा।