रोस्टर के विरुद्ध खुले दुकानों को बंद कराते एसडीएम व एसआई।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
लॉकडाउन के चौथे चरण में जिले में बाजार खोलने का वक्त सुबह नौ बजे से शाम छह तक तय किया गया है, लेकिन दुकानदार मनमानी करते पर उतारू हैं। सुबह छह बजते ही सादाबाद में काफी दुकानें खुल रही हैं। शिकायत पर मंगलवार को एसडीएम राजेश कुमार ने स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समय से पहले खुली मिले दुकानों के दुकानदारों को कड़ी हिदायत देते हुए कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।
गौरतलब हो कि कोराना वायरस महामारी से बचाव के लिए लागू किए गए लॉकडाउन में लोग लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। बाजार में कई दुकानदार न तो मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं और सामाजिक दूरी का कहीं पालन होते नजर आ रहा है। यही नहीं, कुछ दुकानदार तो निर्धारित समय सुबह नौ बजे से पहले ही दुकानों को खोल रहे हैं। इन शिकायतों पर अचानक सुबह बाजार में एसडीएम और पुलिस के पहुंचने से हड़कंप मच गया। समय से पहले दुकान खोलकर बैठे कई दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। एसडीएम ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समय और शिड्यूल के हिसाब से ही दुकानें खोली जाएं, नहीं तो कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान एसआई डिप्टी सिंह भी मौजूद रहे।