न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
छात्र और शिक्षकों की ई-मेल आईडी न बनाने वाले 149 विद्यालयों को काली सूची में शामिल किए जाने की चेतावनी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने दी है। इस संबंध में नोटिस जारी कर विभाग को सूचना उपलब्ध कराए जाने के निर्देश माध्यमिक विद्यालय संचालकों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री की 100 दिवस की कार्ययोजना के तहत जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट ह्वश्चद्वह्यश्च.द्गस्रह्व.द्बठ्ठ पर प्रत्येक शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की ई-मेल आईडी एवं विद्यालय के फोटोग्राफ अपलोड करने एवं विद्यालय की वेबसाइट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस कार्य को विद्यालय संचालक गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
इसे लेकर लगातार प्रतिदिन चार से पांच बार फोन भी विद्यालय संचालकों को किया जा रहा है, लेकिन 149 विद्यालयों की प्रगति माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर शून्य दिखाई दे रही है। डीआईओएस ऋतु गोयल ने बताया कि अंतिम अवसर देते हुए समस्त सूचनाएं अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा ऐसे विद्यालयों को काली सूची में अंकित करते हुए उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया जाएगा। इसका संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य का होगा। संवाद