अलीगढ़। मंगलवार को नुमाइश का कृष्णांजलि सभागार जल्द आने वाली श्वेत क्रांति का गवाह बना। भव्य समारोह में लघु सिंचाई, पशुधन, पंचायती राज एवं जनपद के प्रभारी मंत्री राजकिशोर सिंह ने वेद मंत्रों के उच्चारण के मध्य वर्षो से बंद पड़े सासनी प्लांट के उच्चीकरण की आधारशिला रखी। यही नहीं उन्होंने अपने साथ आए एमएलसी जसवंत सिंह के साथ रामघाट रोड पर खुलने जा रहे दुग्ध पार्लर एवं रेस्टोरेंट के शिलालेख का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सरकारी डेयरियों को दूध की कमी की समस्या से बचाने के लिये अलीगढ़ दुग्ध संघ में अलीगढ़, हाथरस, एटा एवं कासगंज को विलय कर कलस्टर दुग्ध संघ बनाया गया है। हमारा लक्ष्य सासनी प्लांट में एक लाख लीटर प्रति दिन का दुग्ध कलेक्शन कर मिल्क प्रोडक्ट बनाने का है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पंजाब समेत अन्य प्रदेशों से अच्छी नस्ल के पशु मंगाकर दुधारू पशुओं का चेन सिस्टम डवलप करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की तरह मात्र वायदे न करके 300 करोड़ खर्च कर स्मार्ट गांवों की आधारशिला रखी है। प्रदेश सरकार के पर्यटन सलाहकार एवं पूर्व मंत्री ख्वाजा हलीम ने कहा कि दुधारू पशुओं के अधाधुंध कटान से दूध की किल्लत हुई। मुख्यमंत्री ने अपने प्रयासों से मुर्रा समेत भैसों की उपयोगी प्रजाति लाकर दी। इससे दूध का उत्पादन बढ़ा है। एमएलसी जसवंत सिंह ने बताया कि सासनी प्लांट चार माह में चालू हो जाएगा। सपा महानगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी घोषणा पत्र से ज्यादा विकास कार्य कर इतिहास बनाया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता ने कहा कि सासनी प्लांट शुरू होने से अलीगढ़ एवं हाथरस के किसानों को फायदा है। डीएम डा.बलकार सिंह ने सासनी प्लांट के इतिहास एवं आगामी योजना पर प्रकाश डाला। इस मौके पर कमिश्नर चंद्रकांत, डीएम हाथरस अविनाश कृष्ण, एसएसपी जे.रविंदर गौड़, सीडीओ धीरेंद्र सचान, पराग डेयरी के जीएम एएन वर्मा समेत अन्य अफसर मौजूद थे।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
-लोधा ब्लाक प्रमुख गिरीश यादव, सलमान शाहिद, तेजवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव, बहादुर सिंह बघेल, सुशील, मनु चौधरी, थान सिंह, राजीव यादव, अबरार हमीद।
जनप्रतिनिधि रहे नदारद, चर्चाएं
अलीगढ़। सासनी प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही। और तो और सपा के अन्य नेताओं ने भी कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। लोग इसे नुमाइश के दौरान प्रशासन एवं सपा जनप्रतिनिधियों के बीच हुई तल्खी से जोड़कर देखते नजर आए। कार्यक्रम में मात्र महानगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता समेत चंद नेता ही नजर आए।
भीड़ जुटाने के पड़े लाले
अलीगढ़। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अपेक्षा से कम भीड़ रही। हालात इस कदर गंभीर रहे कि अलग अलग रो में बैठे लोगों से संचालक राकेश सक्सेना को एक रो में आने की अपील करनी पड़ी। हालांकि कार्यक्रम के समापन तक कुछ लोग अवश्य पहुंच गए।
14 को होगा पार्लर व रेस्टोरेंट का उद्घाटन
अलीगढ़। जीएम पराग डेयरी एएन वर्मा ने बताया कि पराग डेयरी के रामघाट रोड कार्यालय पर ग्रामीण तर्ज पर बने पार्लर एवं रेस्टोरेंट का शुभारंभ 14 अप्रैल को होगा। इसका ठेका दर्शन सिंह को 50 हजार रुपया प्रति माह पर दिया गया है। इसमें डेयरी में बने आइटमों के साथ लोगों को तरह तरह के स्वादिष्ट व्यंजन खाने को मिलेंगे। लंच व डिनर की भी व्यवस्था रहेगी।