किसी भी मामले में मुकदमा दर्ज न करने व सांसद की छवि धूमिल करने की शिकायत पर सासनी के कोतवाल डीके सिसौदिया को निलंबित कर दिया गया। सांसद राजेश दिवाकर का कहना है कि कोतवाल सासनी क्षेत्र में उनकी छवि खराब कर रहे थे। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ संजीव गुप्ता और एसपी घुले सुशील से की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
एसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि कोतवाल सासनी के खिलाफ किसी मामले में मुकदमा दर्ज नहीं करने की शिकायत थी। इसके अलावा सांसद ने भी उनके कार्य और व्यवहार को लेकर शिकायतें की थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल सासनी कोतवाली के ही एसएसआई विनोद कुमार सिंह को सिसौदिया की जगह प्रभारी का चार्ज दिया गया है।
सांसद का कहना है कि उन्होंने आरएसएस के एक पदाधिकारी की पुत्री की हत्या के मामले में जब कोतवाल से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा तो उन्होंने इस बातचीत को टेप कर उसको गलत तरीके से प्रचारित किया और उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की। सांसद का कहना है कि भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी एसओ का रवैया ठीक नहीं था।