हाथरस जंक्शन के गांव अखईपुर में बुधवार की दोपहर को संजय उर्फ संजू का शव गांव पहुंचा। शव आते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के लिए अड़ गए और अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। समझा-बुझाकर पुलिस ने तनावपूर्ण माहौल में शव का अंतिम संस्कार कराया।
उधर, पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। बता दें कि सोमवार की शाम को गांव में संजय उर्फ संजू को बेरहमी से पीटा गया था। पिता धर्मेंद्र का दावा था कि वह घर से चक्की पर आटा लेने निकला था, लेकिन मामूली कहासुनी के कारण आरोपियों ने उसे रास्ते में पकड़ लिया।
पिता का आरोप है कि सिर पर सरिया व डंडों से हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोट आईं। मंगलवार की शाम को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव दोपहर को गांव पहुंचा। घटना के बाद से ही गांव में पुलिस बल तैनात था। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में सासनी, हाथरस गेट, कोतवाली सदर, महिला थाना व हसायन थाने का पुलिस बल भी यहां तैनात किया गया। सीओ सिकंदराराऊ भी मौजूद रहे।
परिजनों ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पूरे परिवार को जान का खतरा है। परिजनों का कहना था कि कुछ साल पहले संजय के चाचा की भी अलीगढ़ क्षेत्र में हत्या हो गई थी। आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं, जिससे फिर से घटना का डर बना हुआ है। परिजनों ने अंतिम संस्कार से पहले एसपी को बुलाने की मांग की। इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ। पुलिस अधिकारी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देते रहे। काफी समझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए माने, तब पुलिस ने राहत की सांस ली।
भाई का रो-रो कर बुरा हाल
मृतक संजय दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अभिषेक गुजरात में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। भाई की हत्या की जानकारी पर वह बुधवार की सुबह गांव आ सका। चार महीने बाद वह गांव आया था। यहां भाई के शव से लिपटकर उसका रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों के अनुसार संजय की शादी हो चुकी है, लेकिन पत्नी यहां नहीं रहती।
आरोपियों के घर पर ताला
तहरीर के आधार पर हरिओम, महेश, विष्णु, गोपाल, गोविंद, सोमदत्त, शिवम उर्फ शिब्बू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के बाद से आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। घरों पर ताले लगे हैं। घेर पर मवेशी भूखे-प्यासे बंधे हैं। इनके घरों पर पुलिस कर्मी तैनात हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में माहौल शांत है और पुलिस बल तैनात है। -चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी