शहर में लगे गंदगी के ढेर
शहर में रविवार की सुबह सफाई कार्य नहीं हुआ। चौराहों व गलियों के नुक्कड़ पर गंदगी के ढेर देखने को मिले। शहर में गांधी तिराहा, भूरापीर चौराहा, नयागंज चौराहा, चामड़ गेट, बीएच ऑयल मिल रोड, आगरा रोड बस स्टैंड के निकट, मुरसान गेट, मधुगढ़ी, मोहनगंज, कमला बाजार आदि जगहों पर कूड़े के ढेर पड़े रहे।
हड़ताल की जानकारी पर सफाई ठेकेदार ने कर्मचारियों के खाते में चार-चार हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद भी कर्मचारी असंतुष्ट नजर आए और हड़ताल जारी रही। ओम पाथरे ने कहा कि दो महीने में चार हजार रुपये से सफाई कर्मचारी के घर राशन भी नहीं आ पाएगा। उन्होंने कहा कि वाटर वर्क्स में ठेकेदार के कर्मचारियों को 28 फरवरी को ही एक माह का वेतन व एडवांस बतौर पांच हजार रुपये दिए गए हैं। ऐसे में सफाई कर्मचारियों से सौतेला व्यवहार ठीक नहीं। हड़ताल जारी रहेगी।
पालिका से भुगतान न होने के कारण वेतन नहीं दिया गया
ठेकेदार सत्यवीर सिंह ने बताया कि नगर पालिका से भुगतान न हो पाने के कारण सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा सका है। पालिका में पता किया तो पोर्टल की दिक्कत बता रहे हैं। कर्मचारियों को समझाते हुए रविवार को अपने पास से चार-चार हजार रुपये डाले गए हैं। इसके बाद लिमिट पूरी हो गई थी। लिमिट खुलने पर सोमवार को फिर से भुगतान किया जाएगा। बैंक बंद होने के कारण भी समस्या सामने आ रही है। कर्मचारियों को उनका पूरा वेतन दिया जाएगा।
कुछ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का भुगतान रह गया था। रविवार की दोपहर उनके खाते में भी रुपये डाल दिए गए हैं। स्थाई व संविदा कर्मियों का भुगतान नगर पालिका 28 फरवरी को कर चुकी है। कर्मचारियों को समझाया गया है। - रोहित सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद हाथरस
शहर में वैसे भी गंदगी व्याप्त रहती है। थोड़ी बहुत सफाई होती है, रविवार को वह भी नहीं हुई। चौराहा पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। - ओमप्रकाश, रामलीला ग्राउंड
नाले-नालियां गंदगी से अटे पड़े हैं। इनकी समय से सफाई नहीं होती। रविवार को सफाई कर्मियों के हड़ताल पर रहने से बाजार में झाडू भी नहीं लगी। हर जगह गंदगी है। - मुकुल वार्ष्णेय, बांस मंडी