सिकंदराराऊ। नगर के मोहल्ला रोशनगंज में बृहस्पतिवार शाम कूड़े की ढकेल हटाने पर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक सफाई कर्मचारी को पीटकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य हमलावर भागने गए।
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी मोहल्ला रोशनगंज में सफाई कार्य कर रहे थे। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब चार से छह युवक मोहल्ला नौखेल की तरफ जा रहे थे। रास्ते में एक सफाई कर्मचारी कूड़े की धकेल में कूड़ा भर रहा था। आरोप है कि तभी मोटरसाइकिल सवार युवकों ने रुककर धकेल हटाने के लिए कहा।
उन्होंने सफाई कर्मचारी से होश में रहकर काम करने की बात भी कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान युवकों ने सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर अन्य सफाई कर्मचारी और घायल युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए मारपीट कर रहे युवकों में से दो को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए शांति व्यवस्था कायम कराई और पकड़े गए दोनों युवकों को कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घायल सफाई कर्मचारी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।