नवनिर्मित न्याय भवन की बाउंड्री से सैंपल लेते अधिकारी।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
अलीगढ़ जीटी रोड पर करोड़ों की लागत से बन रहे न्याय भवन की चाहरदीवारी में प्रयोग हो रहे निर्माण सामग्री की जांच के लिए सोमवार को दोबारा नमूना लिया गया। यह नमूना न्याय विभाग के प्रतिनिधि की देखरेख में लिया गया।
बता दें कि पहले भी सामग्री की जांच के लिए नमूना लिया गया था जिसकी जांच अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से कराई गई थी। जिस पर सवाल खड़ा हो गया क्योंकि, जिस वक्त वह नमूना लिया गया था उस वक्त वहां न्याय विभाग का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। जांच की रिपोर्ट में तिथि का भी उल्लेख नहीं किया गया था।
जिसके बाद जिलाधिकारी पीके लक्षकार ने अध्यक्ष, इंफ्रास्ट्रक्चर उप समिति, प्रधान न्यायाधीश इलाहाबाद को लिखे पत्र में इन सब बातों का उल्लेख करते हुए न्याय विभाग के प्रतिनिधि की उपस्थिति में दोबारा जांच के लिए समिति का गठन किया। समिति में जांच के लिए एसडीएम सिकंदराराऊ विजय शर्मा को अध्यक्ष, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सदस्य और न्याय विभाग के प्रतिनिधि के रूप में बलराम पंवार सिविल जज को नामित किया। सोमवार को इनके सामने नमूना लेकर उसे सील कर जांच के लिए भेज दिया गया।