सादाबाद (हाथरस)। साइबर ठगों ने सादाबाद के विधायक प्रदीप उर्फ गुड्डू चौधरी के बड़े भाई राजेश चौधरी को शिकार बनाया है। ठगों ने उनके पंजाब नेशनल बैंक की सादाबाद शाखा के खाते से यूपीआई के माध्यम से एक लाख 74 हजार रुपये का लेन-देन कर लिया। पीड़ित ने सादाबाद के अलावा आगरा के कमला नगर थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
विधायक गुड्डू चौधरी के बड़े भाई राजेश कुमार चौधरी आगरा के कमला नगर क्षेत्र में रहते हैं। उनका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक की सादाबाद शाखा में है। राजेश चौधरी के अनुसार 23 अक्तूबर को उनके खाते से बिना उनकी जानकारी और अनुमति के दो बार में कुल एक लाख 74 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए।
पहली बार 95 हजार रुपये और दूसरी बार 79 हजार रुपये का लेन-देन हुआ। राजेश चौधरी का कहना है कि उन्होंने न तो स्वयं कोई धनराशि ट्रांसफर की और न ही किसी अन्य व्यक्ति को इसकी अनुमति दी थी। खाते से रकम निकलने पर उन्हें साइबर धोखाधड़ी की आशंका हुई।उन्होंने पुलिस से धनराशि प्राप्त करने वाले लाभार्थी खातों की जांच कर रकम होल्ड अथवा फ्रीज कराने और ठगी गई पूरी धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल को भी मामले की जानकारी दी गई है। संवाद