ग्रामीण और कस्बों को रोडवेज बस सेवा से जोड़ने की उम्मीदों को परिवहन विभाग की रिपोर्ट से झटका लगा है। पांच प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन शुरू कराने की मांग की गई थी। इसके जवाब में हाथरस डिपो ने कहीं परमिट नहीं होने तो कहीं कम आय का हवाला देकर असमर्थता जताई है।
राष्ट्रीय लोकदल की जिला उपाध्यक्ष डॉ. अनीता उपाध्याय ने परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर पांच मार्गों पर बसें चलाने की मांग की थी। इनमें मथुरा-लखनऊ वाया सादाबाद-जलेसर-एटा, सादाबाद-नोएडा वाया राया, एटा-मथुरा वाया सादाबाद-जलेसर, हाथरस-सादाबाद-कुरसंडा-मई-बिसावर-आगरा और हाथरस-मुरसान-सादाबाद-जलेसर मार्ग शामिल हैं। जिलाधिकारी ने इस संबंध में परिवहन निगम से रिपोर्ट मांगी थी। 21 अक्तूबर को डिपो प्रभारी हाथरस ने अपनी आख्या भेजी। इसमें बताया कि मथुरा-लखनऊ मार्ग एटा डिपो के अधीन है। सादाबाद-नोएडा और एटा-मथुरा मार्ग पर भी हाथरस डिपो के पास परमिट नहीं है। एटा-मथुरा मार्ग पर एटा डिपो की बस संचालित है। हाथरस-मुरसान-सादाबाद-जलेसर मार्ग पर भी परमिट उपलब्ध नहीं है।
हाथरस-सादाबाद-कुरसंडा-मई-बिसावर-आगरा मार्ग पर आगरा क्षेत्र के फाउंड्रीनगर डिपो की बस चल रही है। हाथरस डिपो की कुरसंडा तक संचालित बस सेवा कम आय के कारण बंद कर दी गई थी। ऐसे में पांचों मार्गों पर नई बस सेवा शुरू होने की उम्मीद फिलहाल कम है। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया है कि डॉ. अनीत उपाध्याय के पत्र के आधार पर जो वास्तविक स्थिति है उसके बारे में जिलाधिकारी को अवगत करा दिया है।
बाक्स
कमाई कम होने पर बंद कर दी बस सेवा
हाथरस डिपो की ओर से पहले हाथरस-सादाबाद-कुरसंडा मार्ग पर बस संचालित की जाती थी। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार यात्रियों की कम संख्या और कम आय के कारण इस सेवा को बंद कर दिया गया। वहीं, आगरा-खंदौली-मई-बिसावर मार्ग पर फाउंड्रीनगर डिपो की बस संचालित हो रही है। इससे कुरसंडा और आसपास के गांवों के यात्रियों को बस सुविधा के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।