आगरा रोड पर नगला भुस के निकट शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे हाथरस कचहरी से तारीख कर घर लौट रहे बाइक सवार चाचा-भतीजे को रोडवेज बस ने रौंद दिया। हादसे में भतीजे अजीत (36) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चाचा बंटी (40) को जिला अस्पताल ले जाया गया।
कोतवाली सहपऊ क्षेत्र के गांव चौबारा निवासी बंटी (40) पुत्र अतर सिंह अपने भतीजे अजीत (36) पुत्र बहादुर सिंह के साथ जिला न्यायालय में एक मुकदमे की तारीख करने आए थे। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वे वापस बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
जब वह चंदपा कोतवाली क्षेत्र के नगला भुस के पास पहुंचे, तो वहां एक रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। चंदपा पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में दोनों घायलों को टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद अजीत को मृत घोषित कर दिया। बंटी की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
दिल्ली से गांव आए थे बंटी
परिजनों ने बताया कि बंटी दिल्ली में रहते हैं। वे कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में तारीख पर आने के लिए शुक्रवार को ही गांव आए हुए थे। अजीत की मौत की खबर मिलते ही गांव चौबारा में कोहराम मच गया। घर वाले और रिश्तेदार बदहवास होकर जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।