सड़क हादसों की रोकथाम के लिए शुक्रवार को डीएम राहुल पांडेय व एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। डीएम ने एसडीएम, सीओ एवं पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को संयुक्त रूप से सड़कों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी बिंदुओं की जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि जहां सड़क मरम्मत जारी है, वहां काम शीघ्र पूरा किया जाए। परियोजना निदेशक नेशनल हाईवे अथॉरिटी को निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट और संभावित दुर्घटना स्थलों पर रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए। पूर्व के निर्देशों का अनुपालन न करने वाले विभागों पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि यातायात पुलिस बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करे।