सिकंदराराऊ क्षेत्र के आलमपुर-लिहा-वाजिदपुर मार्ग का चौड़ीकरण होगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसको मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। लगभग 16.60 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण पर 33.25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसकी चौड़ाई साढ़े तीन मीटर से बढ़ाकर सात मीटर तक की जाएगी।
यह मार्ग क्षेत्र के 30 गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यातायात का दबाव बढ़ने के साथ सड़क चौड़ीकरण की मांग भी लगातार उठ रही थी। पीडब्ल्यूडी की ओर से मार्ग का सर्वेक्षण कर तकनीकी प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिसमें सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ आवश्यक स्थानों पर जल निकासी, सड़क सुरक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी शामिल किया गया है।
अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा का कहना है कि प्रस्ताव को शासन में भेजा जा रहा है। स्वीकृति और बजट आवंटन के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। मार्ग के चौड़ीकरण से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी।