शेरपुर रनिंग ग्रुप द्वारा रविवार को मुरसान रोड स्थित मैदान पर 1600 मीटर महिला एवं पुरुष दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें पायल शर्मा, रघु और मानव ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से आए कुल 265 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया। इसमें 185 पुरुष, 60 महिलाएं तथा 20 बालक शामिल रहे।
महिला वर्ग में पायल शर्मा (अलीगढ़) ने प्रथम, रानी (दौलतपुर, बल्देव) ने द्वितीय तथा मोहिनी (दौलतपुर, बल्देव) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में रघु (सासनी) ने प्रथम, दर्शन शर्मा (जयपुर, राजस्थान) ने द्वितीय तथा दानिश (जलालपुर, सासनी) ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में मानव (बिरौना, बल्देव) प्रथम, अंश शर्मा (सादाबाद) द्वितीय रहे, जबकि अनश (शेरपुर) और जयंत (शेरपुर, सादाबाद) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 3100 रुपये नकद, मेडल, ट्रॉफी देकर एवं पटका व फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 2100 रुपये, मेडल, ट्रॉफी, पटका एवं फूलमाला पहनाई गई। तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 1100 रुपये, मेडल, ट्रॉफी, पटका एवं फूलमाला देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम प्रधान हेमलता, पूर्व विधायक प्रताप चौधरी, डॉ. अविन शर्मा, भाकियू चौ. चरण सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र बधोतिया, साकेत ठेनुआ ने किया। पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करते हैं। योग और खेल दोनों ही शारीरिक एवं मानसिक विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। शेरपुर रनिंग ग्रुप ने युवाओं को एक मंच प्रदान किया है।
प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रधान प्रतिनिधि शेरपुर ओमवीर सिंह, सादाबाद इंटर कॉलेज के प्रवक्ता धर्मवीर सिंह, मुनीकेश पचौरी तथा अजरूद्दीन फौजी द्वारा किया गया।