संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शासन के निर्देश पर कोविड वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक किए जाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से पहल की जा रही है। इसी क्रम में पूर्ति विभाग की ओर से राशन डीलरों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक किया गया है। वहीं राशन डीलरों को अपने-अपने क्षेत्र के कार्डधारकों को वैक्सीनेशन कराए जाने के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शासन के निर्देश के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी डीएसओ सुरेंद्र यादव ने तहसील सभागार में तहसील क्षेत्र के सभी राशन डीलरों को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया। डीएसओ सुरेंद्र यादव ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है।
वैक्सीन लगवाने से किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं है। उन्होंने सभी राशन डीलरों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के कार्डधारकों को वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया जाए। खाद्यान्न लेने आने वाले सभी कार्डधारकों को मय परिवार वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बरती जाए। नोडल अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर ही शासन स्तर से नि:शुल्क खाद्यान्न दिए जाने का भुगतान होगा।