संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पंचायत चुनाव के लिए शनिवार से नामांकन शुरू होगा, लेकिन इससे पहले ही इस चुनाव को लेकर राजनीति दिलचस्प होती जा रही है। पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय की पत्नी रितु उपाध्याय को भाजपा ने वार्ड 14 से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जबकि इस वार्ड में उनके भाई रामेश्वर उपाध्याय अपनी पत्नी कल्पना उपाध्याय को चुनाव लड़ाने की घोषणा कर चुके हैं।
भाजपा की सूची में रितु उपाध्याय का नाम आने के बाद रामेश्वर उपाध्याय का कहना है कि उनकी पत्नी चुनाव लड़ेगी है या नहीं, इस बारे में वह विचार कर रहे हैं। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय खुद चुनाव लड़ेंगे और उनकी पत्नी भी चुनाव लड़ेंगी। हालांकि इसे लेकर भी पूरे दिन चर्चाएं होती रहीं कि पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय भी चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। पिछले जिला पंचायत बोर्ड में भी उपाध्याय परिवार के चार सदस्य जिला पंचायत सदस्य चुने गए थे।
जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर ज्यादातर समय पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के परिवार का ही कब्जा रहा है। 9 साल उनकी पत्नी सीमा उपाध्याय जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं और फिर उनके भाई विनोद उपाध्याय जिला पंचायत अध्यक्ष रहे। इस बार फिर उनके परिवार के कई सदस्य चुनाव लड़ेंगे। उनके परिवार के सदस्य आमने-सामने ही चुनाव न लड़ जाएं, इसे लेकर स्थिति दिलचस्प बनी हुई है। वैसे पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय का कहना है कि परिवार का कोई भी सदस्य आमने-सामने चुनाव नहीं लड़ेगा।
भाजपा ने उनके छोटे भाई मुकुल उपाध्याय की पत्नी रितु उपाध्याय को चुनाव मैदान में उतार दिया है। वह वार्ड नंबर 14 से भाजपा की प्रत्याशी होंगी। मुकुल का कहना है कि रितु उपाध्याय सदस्य का चुनाव तो जीतेंगी ही, साथ ही वह पार्टी के आलाकमान के निर्देश पर अध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव लड़ेंगी। इसी वार्ड से उनके छोटे भाई रामेश्वर उपाध्याय की पत्नी कल्पना उपाध्याय भी तैयारी कर रही थी। रितु उपाध्याय के चुनाव में उतरने के बाद अब कल्पना चुनाव लड़ेंगी या नहीं यह देखने वाली बात होगी।
रामेश्वर उपाध्याय ने जहां इसे लेकर पत्ते नहीं खोले हैं और अब उनका कहना है कि चुनाव लड़ना है या नहीं, इस पर विचार किया जाएगा। इधर, विनोद उपाध्याय का कहना है कि वह वार्ड नंबर 20 से चुनाव लड़ेंगे और उनकी पत्नी सरोज उपाध्याय वार्ड नंबर 21 व 16 से चुनाव मैदान में उतरेंगी। विनोद उपाध्याय का यही कहना है कि वह अध्यक्षीय के लिए ही चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं पूरे दिन यह चर्चा भी रही कि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय भी चुनाव लड़ सकती हैं।