संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
अयोध्या में बुधवार की सुबह प्रधानमंत्री द्वारा भूमि पूजन किया जाएगा। इस दौरान बृज की देहरी कहे जाने वाले हाथरस में भी उत्सव का माहौल होगा। शहर के मुख्य चौराहों पर शहनाई वादन होगा। शाम को दिल्ली वाला चौक स्थित राधामनोहर जी मंदिर में 21 सौ दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। मंगल और बधाई गीतों का गायन होगा।
शहर में भी श्रीराम के भक्तों में अयोध्या में श्रीराम मंदिर के लिए भूमि पूजन को लेकर खासा उत्साह है। हर तरफ भगवान श्रीराम के उत्सव की तैयारियां हो रही हैं। कई मंगलगीत गाए जाएंगे तो कही आतिशबाजी व पूजा अर्चना होगी। राधा माधव सेवा समिति द्वारा शहर के चौराहों पर शहनाई का वादन कराया जाएगा।