ऑनलाइन बाजार में बिकने वाले राखियों आदि के पैक। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : Social Media
रक्षाबंधन के त्योहार पर इस बार बाजारों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी खासी रौनक दिख रही है। दूसरे शहरों में रह रहे भाइयों को राखी भेजने के लिए बहनें ऑनलाइन पोर्टल का सहारा ले रही हैं। किफायती और आकर्षक ऑफर्स के चलते इस बार पारंपरिक कोरियर या डाक सेवा के मुकाबले ऑनलाइन राखी डिलीवरी महिलाओं की पहली पसंद बन गई है।
खास बात यह है कि केवल सामान्य कोरियर के खर्च में ही ऑनलाइन कंपनियां भाइयों के घर तक संपूर्ण राखी किट पहुंचा रही हैं। ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर मात्र 80 से 100 रुपये के बजट में दो सुंदर राखियों के साथ रोली, अक्षत और शुभ संदेश का पैक उपलब्ध कराया जा रहा है। बहनें घर बैठे ही एक क्लिक में अपने भाई के पते पर सीधे राखी बुक कर रही हैं, जिससे उनका समय और अतिरिक्त कोरियर चार्ज दोनों बच रहे हैं।
प्रीमियम और कॉम्बो पैक की भी मांग
बजट-फ्रेंडली पैक के अलावा ऑनलाइन मार्केट में 100 रुपये से ऊपर के पैक पर चॉकलेट और गिफ्ट्स के कॉम्बो ऑफर दिए जा रहे हैं। 300 रुपये से 700 रुपये तक की रेंज में काजू, बादाम और अन्य ड्राईफ्रूट्स के साथ प्रीमियम राखी हैंपर मौजूद हैं। चित्रगुप्त नगर निवासी साक्षी कुलश्रेष्ठ का कहना है कि सामान्य तौर पर किसी लिफाफे में राखी रखकर कोरियर करने पर ही 100 रुपये या उससे अधिक का खर्च आ जाता है। ऐसे में रोली-चावल, ग्रीटिंग कार्ड और सुंदर राखियों के साथ सीधे डिलीवरी की यह सुविधा बहनों के लिए बेहद सुविधाजनक और किफायती साबित हो रही है।