पिछले कई दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से अचानक हाथरस वासियों को राहत मिल गई। रविवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई। इससे शहर के आवास विकास कॉलोनी, नवीपुर कला, लाला का नगला, नाई का नगला, रमनपुर आदि इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं बारिश के चलते शहर से देहात तक बिजली सिस्टम लड़खड़ा गया। इस कारण लोगों को खासी मुश्किलों से जूझना पड़ा।
रविवार को सुबह से तेज धूप थी। दोपहर के समय धूप इतनी तेज थी कि दस मिनट भी खड़ा नहीं हुआ जा रहा था। काम कर रहे मजदूरों के माथे से टप-टप पसीना टपक रहा था, लेकिन शाम करीब तीन बजे आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से अधिकतम तापमान में 4 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया है।
बारिश के कारण शहर के गिजरौली, नवीपुर कला, वाटरवर्क्स, कांशीराम टाउनशिप व देहात के सलेमपुर, महौ, नगला रति, हसायन, चंदपा, मुरसान आदि सबस्टेशनों से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट हो गए। इस कारण लोगों को शाम से देर रात तक बिजली के लिए तरसना पड़ा। वहीं बिजली कर्मी बिजली फॉल्टों को दूर करने में जुटे रहे।
इन स्थानों पर हुआ जलभराव
आवास विकास कालोनी, नवीपुर कला, लाला का नगला, नाई का नगला, रमनपुर आदि इलाकों में जलभराव हो गया। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों की ओर जाने वाले रास्ते पर भी जलभराव हो गया। इस कारण लोगों को खासी दिक्कतों से जूझना पड़ा।