राहुल की यात्रा के लिए जनपद के 55 किमी मार्ग पर यात्रा निकलेगी। इसे लेकर पुलिस महकमे द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की हैं। चार स्थानों पर स्वागत समारोह का आयोजन है। पूरे मार्ग को छह सेक्टर में बांटा गया है। इन सेक्टर निरीक्षक स्तर के अधिकारी को प्रभारी नामित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर को दो-दो सब सेक्टर्स में बांटा गया है, जिसके प्रभारी स्थानीय थाने के उप निरीक्षक रहेंगे। संपूर्ण मार्ग में रूफटॉप ड्यूटी व यातायात व्यवस्था की दृष्टि से प्रत्येक कट पर ड्यूटी लगाई गई है, जिससे किसी भी प्रकार के वाहन के अतिक्रमण के प्रयास को रोका जा सके। इस दौरान पांच सीओ, पांच एसएचओ, 16 निरीक्षक, 85 उपनिरीक्षक, 375 मुख्य आरक्षी, दो प्लाटू पीएसी तैनात की गई है।
यात्रा को लेकर मजिस्ट्रेट नामित
भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामात कर दिए गए है। जिला अधिकारी अर्चना वर्मा ने यात्रा को लेकर मजिस्ट्रेट को नामित कर दिया है। यह मजिस्ट्रेट अपने अपने क्षेत्र में यात्रा के भ्रमण के दौरान मौजूद रहकर निगरानी करेंगे।
शहर में भारी व हल्के वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
राहुल गांधी की यात्रा को लेकर यातायात डायवर्ट रहेगा। शहर में सुबह आठ बजे से यात्रा की समाप्ति तक भारी व हल्के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने बताया कि जिस समय यात्रा हाथरस शहर में प्रवेश करेगी तो अलीगढ से आने वाले भारी वाहन रूहेरी कट तिराहे से बाईपास होते हुए आगरा को प्रस्थान करेंगे। शहर में यात्रा के दौरान मथुरा से आने वाले वाहनों को हतीसा पुल पर रोक दिया जाएगा। कासगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को कैलोरा चौराहे पर रोक दिया जाएगा। आगरा से आने वाले वाहनों को नगला भुस से आलीगढ रोड बाईपास से निकाला जाएगा। परिस्थितियों के अनुसार वाहनों को निकाला और रोका भी जा सकता है।