वाल्मीकि समाज के लोगों ने अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के बैनर तले फिल्म स्टार सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की जातिसूचक टिप्पणी के विरोध में नगर पालिका परिसर में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद समाज के लोगों ने तालाब चौराहे पर उनकी फिल्म का पोस्टर भी जलाया और सदर कोतवाली पुलिस को ज्ञापन सौंपकर दोनों सिने स्टारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की। समाज के लोगों ने दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है।
अपनी फिल्म टाइगर जिंदा है की रिलीज के मौके पर दिए गए एक इंटरव्यू को लेकर सिने स्टार सलमान खान वाल्मीकि समाज के निशाने पर है। आरोप है कि सलमान खान ने इंटरव्यू के दौरान वाल्मीकि समाज पर टिप्पणी की, जिससे समाज के लोगों में गुस्सा है। शुक्रवार को अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के बैनर तले समाज के लोगों ने नगर पालिका में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी तालाब चौराहे पर पहुंचे और नारेबाजी की। पोस्टर जलाने के बाद समाज के लोग जुलूस के रूप में सदर कोतवाली पहुंचे।
यहां एसएसआई राकेश पांडेय को ज्ञापन सौंपकर सलमान खान और शिल्टप शेट्टी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दोनों फिल्म स्टारों की टिप्पणी से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। दोनों ने इस तरह की टिप्पणी से समाज में विघटन लाने की कोशिश की है, इसलिए उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करना चाहिए, ताकि सामाजिक समरसता बनी रहे। प्रदर्शन को देखते हुए शहर के माया टॉकीज पर कोतवाली पुलिस तैनात रही। दूसरे शहरों में सिनेमाघरों में तोड़फोड़ की खबरों को देखते हुए माया टॉकीज पर दर्शकों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल भेजा गया।
अध्यक्षता ओमप्रकाश साकी ने की और संचालन सतीशचंद्र चंचल ने किया। प्रदर्शन में राष्ट्रीय संयुक्त सचिव विनोद कुमार कोमल, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक फौजी, जिलाध्यक्ष निरंजन प्रकाश, हीरालाल, विष्णु, राजू पाथरे, राजीव प्रताप सिंह राजू, रवि चौहान, राहुल पाथरे, नरेश बेनवाल, गोलू, शोमू, राजा, शालू, अशोक पारस, शिवम, लखन, ज्ञानू, अजय कुमार, गोविंद, इंद्रजीत, अनिल, मनीष कुमार, सत्यप्रकाश, अशोक निर्मल, सुदेश पाथरे, नानकचंद्र, दीपक कुमार आदि थे।