शहर की एक थोक दुकान पर रखे चावल के पैकेट। संवाद
- फोटो : samvad
लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच आम लोगों को चावल के दामों में कुछ राहत मिली है। जिले में विभिन्न कंपनियों के पैक्ड चावल के दामों में दो से पांच रुपये प्रति किलो तक की गिरावट दर्ज की गई है। थोक कारोबारियों के अनुसार बाजार में चावल की आवक बढ़ने और स्टॉक पर्याप्त होने के चलते कीमतों में नरमी आई है।
बीते दो माह में चावल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। कई ब्रांडेड चावल करीब 10 रुपये प्रति किलो तक महंगे हो गए थे, जिससे घरेलू बजट प्रभावित हो रहा था। अब बाजार में दाम घटने से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। थोक व्यापारी प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि जो पैक्ड चावल पहले 100 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था, वह अब 95 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
वहीं 110 रुपये किलो वाले प्रीमियम चावल के दाम घटकर करीब 105 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। कुछ मध्यम श्रेणी के चावलों में भी दो से तीन रुपये प्रति किलो तक की कमी आई है। शहर के एक और थोक चावल कारोबारी संजय कुमार ने बताया कि पिछले दिनों मांग अधिक और आवक कम होने से दाम बढ़ गए थे, लेकिन अब मंडियों में पर्याप्त स्टॉक पहुंच रहा है। इसी कारण कंपनियों और थोक व्यापारियों ने कीमतों में कमी की है।