सिकंदराराऊ (हाथरस)। जीटी रोड पर पेट्रोल पंप के निकट शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वाहनों में हवा भरने वाला प्रेशर टैंक तेज धमाके से फट गया। इसकी चपेट में आकर एक मैकेनिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। धमाके के दौरान टैंक से निकली हवा का प्रेशर इतना तेज था कि पास खड़े दो लोग हवा में उड़कर पेड़ से जा टकराए और नाले में जा गिरे।
मोहल्ला नगला शीसगर निवासी मुकीम (50 वर्ष) पुत्र यूनिस मेंबर का पेट्रोल पंप के पास पंक्चर लगाने का खोखा था। सुबह लगभग साढे़ दस बजे पंक्चर लगाकर मुकीम प्रेशर टैंक में हवा भर रहा था। हवा का प्रेशर जैसे ही 150 पर पहुंचा, टैंक तेज आवाज के साथ फट गया। टैंक फटते ही उसकी चपेट में पास खड़ा मुकीम आ गया। लोहे के टुकडे़ लगने से मुकीम बुरी तरह घायल हो गया। उसके एक पांव के चिथड़े उड़ गए।
इलाज के लिए उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, पास ही में मुकीम का बेटा इमरान खड़ा था, जो कि टैंक फटने से निकले तेज हवा के प्रेशर के साथ उड़ गया और पेड़ से टकराकर घायल हो गया। पास ही में रोहित नाम का युवक भी खड़ा हुआ था, वह भी हवा के साथ उड़कर नाले में जा गिरा। मुकीम की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संकार कर दिया गया।