कल से होगा दाऊजी मेले का श्रीगणेश, तैयारियां जारी
बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज की तैयारियां अंतिम चरण में
सर्कस और चार दर्जन से अधिक झूले लगाएंगे मेले में चार चांद
कई कार्यक्रमों में सिने स्टार भी आएंगे, सोशल मीडिया से हो रहा प्रचार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। अनौपचारिक रूप से सोमवार गणेश चतुर्थी से मेले की शुरुआत होगी। इस बार मेले में मिनी सर्कस के अलावा चार दर्जन से अधिक अधिक झूले चार चांद लगाएंगे। पंजाबी दरबार और संगीत सम्मेलन सहित कई कार्यक्रमों में सिने स्टार आएंगे, जिनका आयोजकों द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर, शहर के चौराहों पर होर्डिग्स लगाकर प्रचार किया जा रहा है। ताकि कार्यक्रम में अधिक अधिक संख्या में जनता शिरकत करे।
बृज प्रसिद्ध लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज दूर-दूर तक देवछठ मेले के नाम से जाना जाता है। मेला शुरू होने की तिथि जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे ही प्रशासनिक अधिकारी, ठेकेदार और दुकानदार तैयारियों को पूरा करने में जुटे हुए हैं। इस बार मेले में ब्रेक डांस, चांद तारा, नाव, बड़ा झूला, टोरा टोरा सहित तीन वैरायटी शो के अलावा एक मिनी जिम्मी सर्कस आया है। एक दो दिन के अंदर माता वैष्णो देवी मंदिर भी आएगा। महिला मार्केट, खजला, हलवा पराठा आदि की दुकानें सजाई जा रही है।
मेला परिसर में प्रयागराज कुंभ की छटा
मेला परिसर की दीवारों पर प्रयागराज में लगे कुंभ की छठा देखने को मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा प्रयागराज से पेंटिंग के लिए लोगों को बुलाया है। इन लोगों द्वारा मोबाइल पर देवी-देवताओं को स्वरूप देखकर कलाकृतियां अंकित की जा रही हैं। रिसीवर कैंप और अन्य दीवारों पर राधाकृष्ण और फूल पत्तियां आदि कलाकृतियां उकेरी जा रही हैं।
बिजली खंभों पर लगाई जा रही पाइप
मेला परिसर की ओर जाने वाले मार्गों पर बारिश को ध्यान में रखते हुए बिजली के खंभों पर पांच-पांच फीट तक प्लास्टिक की पाइप लगाई जा रही हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो। इसके बाद शहर में सभी खंभों पर इसी तरह प्लास्टिक की पाइप लगाई जा रही है।
दंगल संयोजक ने प्रदेशाध्यक्ष, मंत्रियों को दिया न्योता
लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज में होने दंगल को लेकर दंगल संयोजक कप्तान सिंह ठेनुआं ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, चौधरी लक्ष्मीनारायण एवं राज्य मंत्री महेश गुप्ता एवं गुलाबों देवी से मिलकर दंगल में आने का निमंत्रण दिया।
चित्र विचित्र महाराज आएंगे भजन संध्या में
मेला श्रीदाऊजी महाराज में होने वाली भजन संध्या में बृज प्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र महाराज की जोड़ी भजनों के जरिए भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगे। संगीत सम्मेलन में सिने स्टार श्वेता दत्ता, समीक्षा गौड़ व लाफ्टर में राजू श्रीवास्तव, शाम-ए-गजल में अल्ताफ राजा, पंजाबी दरबार में पॉप सिंगर भूपी, जसलीन माथरू आदि का आना तय हो गए है। इन सिने स्टार का सोशल मीडिया के जरिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।