रोडवेज बस में सामान बुक नहीं मिलने पर परिचालक पर होगी कार्रवाई
अब प्रवर्तन दल करेगा बसों में चेकिंग, मुख्यालय से आया आदेश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। रोडवेज बसों में सामान बिना बुकिंग के पाया गया तो परिचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी। प्रवर्तन दल बसों में बिना टिकट यात्रियों के साथ अब सामान पर पैनी नजर रखेगा। मुख्यालय से आदेश आने के बाद प्रवर्तन दल सक्रिय हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि रोडवेज बसों में परिचालकों द्वारा लगेज के नाम पर मोटी कमाई की जाती है। इस कारण यात्रियों को दिक्कतों से जूझना पड़ता है। निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। अब मुख्यालय से आदेश आया है कि सामान की बस वार जांच करें। सामान की बुकिंग सही मात्रा एवं सही दर पर परिचालक द्वारा की गई है या नहीं। यदि सामान बुक नहीं किया गया है।
मालिक नहीं है तो परिचालक को दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। यदि सामान मालिक मौजूद है। उससे कितनी धनराशि वसूली गई है। कितने का टिकट जारी किया गया है। इन सब बिंदुओं पर प्रवर्तन दल द्वारा बसों में पड़ताल की जाएगी। यदि कहीं भी परिचालक दोषी पाया गया तो प्रवर्तन दल द्वारा उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को दी जाएगी। वहीं से कार्रवाई की जाएगी। निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने पत्र जारी करते हुए सभी डिपो को कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए हैं।