कोतवाली क्षेत्र के गांव बस्तोई में चार माह की गर्भवती विवाहिता पूनम (24) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र स्थित नगला किला निवासी कंचीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 नवंबर 2024 को उन्होंने अपनी पुत्रियों पूनम और यशोदा का विवाह गांव बस्तोई निवासी पवन कुमार व गजेंद्र सिंह के साथ किया था।
आरोप है कि विवाह के बाद से ससुराल पक्ष अतिरिक्त पांच लाख रुपये के लिए पूनम को प्रताड़ित करता था। शनिवार को मारपीट की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे, जहां उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। बाद में पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार चिकारा ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति सहित छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।