भगवान जगन्नाथ की भक्ति और जयघोषों से रविवार को नगर गुंजायमान हो उठा। मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित इस्कॉन मंदिर से निकली भव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
फूलों से सजे रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के विग्रह विराजमान रहे। उमस भरे मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं ने मार्ग पर झाड़ू लगाकर सेवा की, जबकि महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने मिलकर भगवान के रथ को खींचा। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर, आरती उतारकर और शीतल पेय वितरित कर यात्रा का स्वागत किया गया।
इस्कॉन मंदिर से रविवार सुबह रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा से पूर्व मंदिर में मंगला आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के विग्रहों का आकर्षक शृंगार कर उन्हें फूलों से सजे रथ पर विराजमान किया गया। प्रस्थान से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली। पूरे मार्ग में श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन और भगवान जगन्नाथ के जयघोष करते रहे। राठी चौराहे पर भक्ति में सराबोर महिलाएं भजनों पर नृत्य करती नजर आईं। नगर भ्रमण के बाद रथ यात्रा पुनः इस्कॉन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, देवेंद्र सिंह राघव, बृजेश चौहान, मुकुल गुप्ता, गिरीश मोहन गुप्ता, सभासद राज वार्ष्णेय, वैभव वार्ष्णेय, बबलू सिसोदिया, विकास देवा वार्ष्णेय, राजकुमार, मीरा माहेश्वरी, मधु सेठानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी साथ चल रहा था।