कोतवाली में तैनात पीआरडी जवान रमेशचंद्र (55) को मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे गोहाना पुल के निकट अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल जवान ने उपचार के दौरान अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।
नगला सिंह निवासी रमेशचंद्र मंगलवार की शाम को अपने गांव से ड्यूटी के लिए कोतवाली जा रहे थे। जैसे ही वह गोहाना पुल के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। परिजन भी पहुंच गए और घायल रमेश चंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी ले गए।
चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पीआरडी जवान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के पुत्र ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। संवाद