हाथरस। तूफानी अंधड़ ने बुधवार की रात को भी तबाही मचाई। जिलेभर में बड़ी संख्या में पेड़ धराशायी हो गए। कई जगह राजमार्गों पर पेड़ टूटकर गिरने से आवागमन बाधित रहा। विद्युत लाइनें और पोल गिरने से भी शहर और देहात की सप्लाई ठप रही, जिससे पानी की समस्या भी गहरा गई। कई जगहों पर कच्चे-पक्के निर्माण भी ध्वस्त हो गए। अब इस तबाही का आकलन करने पर प्रशासनिक और विद्युत विभाग की टीम जुट गई हैं। उधर आंधी के बाद हुई तेज बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
बुधवार की रात आई आंधी से इगलास रोड पर सहकारी क्रय-विक्रय समिति के गोदाम की टिन शेड उड़ गया। यहां एक पेड़ भी टूट गया और एक मवेशी की मौत हो गई। मौके पर अध्यक्ष बद्री पहलवान और सचिव विनोद गोयल, एडीओ जगन्नाथ प्रसाद यादव भी पहुंच गए और नुकसान का आंकलन किया। इधर, हाथरस जंक्शन ओवरब्रिज पर भी आई तेज आंधी से पुल की जालीनुमा रेलिंग टूटकर जा गिरी। इसकी चपेट में आकर कई लोग चोटिल हो गए। इस जाली से अब किसी भी वक्त हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है। इसी तरह बिजली विभाग को भी काफी नुकसान हुआ।
तीन दिन में टूटे 100 से ज्यादा पोल
तीन दिन में सादाबाद क्षेत्र की बात करें तो एदलपुर क्षेत्र में 16, सहपऊ क्षेत्र में 12, सादाबाद क्षेत्र में 11 पोल टृूट गए। इसी तरह कुरसंडा, मई, बिसावर, पिपरामई आदि में भी लगभग 50 पोल टूट गए। इसी तरह विद्युत वितरण ख्ंाड द्वितीय में मुरसान क्षेत्र में 100 से अधिक पोल टूट कर गिर गए। विद्युत वितरण खंड तृतीय में भी 60 से अधिक पोल गिर गए। पोलों के गिरने से शहर व देहात की बिजली व्यवस्था भी बेहाल रही। गांव तरफरा पर भी विद्युत लाइन टूटकर गिर गई। एसडीओ हरिओम सोनी और आदित्य पांडेय ने बताया कि विद्युत टीमें क्षतिग्रस्त पोलों को ठीक कर सप्लाई सुचारु करने में लगी हुई हैं।