गांव अहियापुर की महिलाएं राशन नहीं मिलने पर एसडीएम से शिकायत करने पहुंचीं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। अभी तक अपने आधार कार्ड की राशन कार्ड के साथ फीडिंग नहीं कराने वाले राशन कार्डधारकों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। आपूर्ति विभाग ने इन्हें आधार नंबर फीड कराने के लिए 31 मई तक की आखिरी मोहलत दी है। इसके बाद उन्हें कार्डों को फर्जी मानते हुए चयनित लाभार्थियों की सूची से उनका नाम हटा दिया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवास कर रहे ऐसे अंत्योदय, ऐसे बीपीएल और अतिरिक्त बीपीएल परिवार, जिनका चयन पात्र गृहस्थी सूची में हो चुका है, वह तत्काल 31 मई तक संबंधित तहसील स्थित पूर्ति कार्यालय में संपर्क कर अपने आधार कार्ड की फीडिंग कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा ऐसे राशन कार्डधारकों को फर्जी मानते हुए सूची में से उनके नाम निरस्त कर दिए जाएंगे।
डीएसओ ने ऐसे एपीएल और नवीन कार्डधारक जिनका चयन पात्र गृहस्थी में हो चुका है, में से ऐसे लाभार्थी जिनके आधार कार्ड नंबर होने से शेष रह रह गए हैं। उन्हें भी हिदायत दी है कि वह तत्काल 10 जून तक संबंधित तहसील स्थित पूर्ति कार्यालय में संपर्क कर अपने आधार कार्ड की फीडिंग कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा ऐसे राशन कार्डधारकों को फर्जी मानते हुए सूची में से नाम निरस्त कर दिया जाएगा।